एक और संक्रमित ठीक होकर घर लौटा, अब तक 10 पॉजिटिव में से 9 स्वस्थ; मुख्यमंत्री का ट्वीट- कोरोना हारेगा

रायपुर. छत्तीसगढ़ में कोरोना पॉजिटिव मरीज के ठीक होने की सुखद खबर सोमवार की दोपहर भी आई। कोरबा से रायपुर एम्स लाए गए युवक की दो रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अब उसे डिस्चार्ज किया जा रहा है। राज्य में कुल 10 पॉजिटिव में से अब तक 9 लोग ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं। कोरबा से लाया गया युवक लंदन में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 30 मार्च को इसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसे कोरबा से रायपुर एम्स में लाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लिखा- कोरोना हारेगा, देश जीतेगा।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा सर्तकता जारी रहेगी 
प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने भी वीडियो संदेश के जरिए लोगों के बीच सोशल मीडिया के माध्यम से रखा। उन्होंने कहा कि हम बचाव के हरसंभव प्रयास कर रहे हैं, इस बीच जानकारी मिल रही है कि 9वां पेशेंट रीलीज हो रहा है। एक पेशेंट निजामुद्दीन की मरकज से लौटा था, उसका उपचार किया जा रहा है। 10 में से 9 लोग ठीक हो गए। आगे के लिए और टेस्टिंग करेंगे, सर्तकता में कमी नहीं आएगी। 


जानिए छत्तीसगढ़ के अब तक कोरोना पॉजिटिव की स्थिति



  • 19 मार्च : रायपुर की समता कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय युवती पॉजिटिव मिली। वह लंदन से लौटी थी। 

  • 25 मार्च : 2 मामले सामने आए। पहला राजनांदगांव में और दूसरा रायपुर में ही। राजनांदगांव के भरकापारा निवासी 30 वर्षीय युवक थाईलैंड से घूमकर लौटा था। वहीं, रायपुर के सुभाष स्टेडियम इलाके की रहने 30 वर्षीया युवती लंदन से लौटी थी। जानकारी छिपाने पर युवती पर एफआईआर दर्ज की गई।

  • 26 मार्च : 3 नए केस बिलासपुर, रायपुर और भिलाई में सामने आ गए। बिलासपुर के रामालाइफ में 64 वर्षीया महिला का सैंपल पॉजिटिव आया। महिला दुबई से लौटी थी और अपनी जानकारी छिपाई। भिलाई जोन सेक्टर 2 के खुर्सीपारा का रहने वाला युवक भी दुबई से लौटा। उसमें भी पॉजिटिव की पुष्टि हुई। जबकि रायपुर के रामनगर में 60 वर्षीय वृद्ध पॉजिटिव मिले। उनकी राज्य या विदेश यात्रा की कोई हिस्ट्री नहीं थी। 

  • 28 मार्च : रायपुर के ही देवेंद्र नगर में 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला। वह भी यूके से ही लौटा था। 

  • 30 मार्च : कोरबा में भी एक युवक में कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया। यह युवक भी यूके से लौटा था। 

  • 31 मार्च : रायपुर के ही रोहणीपुर में एक युवती पॉजिटिव मिली। उसकी भी ट्रेवेल हिस्ट्री लंदन की है

  • 4 अप्रैल : कोरबा में तब्लीगी जमात से आए हुए 16 वर्षीया एक किशोर पॉजिटिव मिला।